Welcome to Nidar Awaj   Click to listen highlighted text! Welcome to Nidar Awaj
टॉप न्यूज़

बरही रो पड़ा: 6 चिराग बुझे, अब सवाल है – जिम्मेदारी किसकी?

मुआवजा मिला, जांच शुरू, पर बरही को अब सिर्फ आश्वासन नहीं, जवाब चाहिए

बरही: सहायता, जांच और जिम्मेदारी पर चर्चा

 

*बरही।* दीपावली की रात बरही मुख्य बाजार में हुई घटना ने पूरे नगर को हिलाकर रख दिया। जिस रात हर घर में दीये जल रहे थे, उसी रात बरही के एक परिवार पर ऐसा संकट टूटा, जिसने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया। घटना के बाद से ही बरही में शोक, आक्रोश और सवालों का माहौल बना हुआ है।

 

सबसे पहले पहुंचे विधायक संजय पाठक

घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय विधायक संजय पाठक सबसे पहले पीड़ित परिवार के बीच पहुंचे। उन्होंने परिवार से भेंट की, घटनास्थल का निरीक्षण किया और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। फेसबुक लाइव के दौरान वे भावुक हो गए, उनकी आंखों में आंसू आ गए। उन्होंने कहा कि इस पीड़ा को शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। विधायक की इस मौजूदगी को लोगों ने संवेदनशीलता के रूप में देखा।

 

मुख्यमंत्री ने दी 24 लाख की सहायता

आज दिनांक तक के अपडेट के अनुसार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की ओर से पीड़ित परिवार को 24 लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। प्रशासन की ओर से यह सहायता परिवार के प्रति संवेदना के रूप में दी गई। परिवार के लिए यह सहायता एक संबल के रूप में देखी जा रही है, हालांकि लोगों का कहना है कि आर्थिक मदद से कमी पूरी नहीं हो सकती।

 

विपक्ष भी पहुंचा, संवेदना व्यक्त की

विपक्ष से पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह, जिला अध्यक्ष ग्रामीण कांग्रेस सौरभ सिंह के अलावा कई प्रतिनिधि जन भी पीड़ित परिवार के पास पहुंचे और शोक संवेदना व्यक्त की। सभी ने एक स्वर में कहा कि इस दुख की घड़ी में पूरा क्षेत्र परिवार के साथ खड़ा है।

 

6 पार्षदों का सामूहिक इस्तीफा

इस घटना के बाद कांग्रेस के 6 पार्षदों ने सामूहिक इस्तीफा दे दिया। उनका कहना है कि इस कांड की नैतिक जिम्मेदारी नहीं ली जा रही है, इसलिए आक्रोशित होकर उन्होंने यह कदम उठाया है। इस इस्तीफे ने बरही की राजनीति में भी हलचल मचा दी है और नैतिक जिम्मेदारी का सवाल और तेज हो गया है।

 

बरही बंद, एक ही मांग – व्यवस्था सुधरे

बरही निवासियों ने पूरे नगर को बंद रखा। दुकानें बंद रहीं, बाजार में सन्नाटा पसरा रहा। लोगों की एक ही मांग थी – नैतिक जिम्मेदारी तय हो और अग्निशमन तंत्र की लाचार कार्यप्रणाली पर जवाब दिया जाए। लोगों का कहना है कि समय पर दमकल और पर्याप्त व्यवस्था होती तो शायद स्थिति कुछ और होती। आम लोगों में इस बात को लेकर गहरी नाराजगी है कि छोटे नगरों में आग से निपटने की व्यवस्था आज भी कमजोर क्यों है।

 

मजिस्ट्रियल जांच के आदेश, जांच जारी

इस मामले की गंभीरता को देखते हुए मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए गए हैं, जो वर्तमान में जांचाधीन है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि आग लगने का कारण क्या था और लापरवाही कहां हुई। प्रशासन का कहना है कि जांच पूरी तरह निष्पक्ष तरीके से की जाएगी।

 

सवाल जो अभी बाकी है…

मुआवजा मिल गया, नेता पहुंच गए, जांच शुरू हो गई – लेकिन बरही के लोगों का सवाल अभी भी वहीं है, कि अगली दीपावली किसी और घर में ऐसा मातम न हो, इसके लिए व्यवस्था कब सुधरेगी? क्या बरही जैसे छोटे नगरों में दमकल, पानी और बचाव की पुख्ता व्यवस्था होगी? क्या जिम्मेदारी तय होगी या फिर समय के साथ यह मामला भी ठंडा पड़ जाएगा?

 

बरही आज जवाब चाहता है, सिर्फ आश्वासन नहीं।

_इस संबंध में प्रशासन व संबंधित पक्ष का पक्ष प्राप्त होने पर प्रकाशित किया जाएगा।_

 

द जर्नलिस्ट एसोसिएशन पत्रकार संगठन | जिला अध्यक्ष कटनी महेंद्र सोनी गुड्डू | 8717963265

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!